Badaun News : मंडप की दावत में खूनी संघर्ष, कड़ाही का गर्म तेल उड़ेलकर युवक को झुलसाया; चार पर मुकदमा


Badaun News : बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। ततारपुर गांव में मंडप की दावत के दौरान हुए विवाद में दबंगों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। आपसी कहासुनी के बाद आरोपियों ने चूल्हे पर रखी उबलते तेल की कड़ाही एक व्यक्ति पर पलट दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गांव के ही चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ततारपुर निवासी शिवराज पुत्र चुन्नीलाल के घर में खुशियों का माहौल था। 23 अप्रैल को उनके बेटे प्रवेंद्र के मंडप की दावत चल रही थी। शिवराज के भाई मनोहर लाल मेहमानों के लिए पूड़ी बनाने के काम में मदद कर रहे थे और चूल्हे के पास ही बैठे थे। रात करीब आठ बजे खुशियों के इस माहौल में अचानक खलल पड़ गया।

शिवराज द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के ही रहने वाले राजेंद्र, रामपाल (पुत्रगण शिवलाल), केशव और भानु (पुत्र राजेंद्र) वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने बिना किसी ठोस कारण के मनोहर लाल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मनोहर ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपियों ने मनोहर लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच, क्रूरता दिखाते हुए आरोपियों ने चूल्हे पर चढ़ी खौलते तेल की कड़ाही मनोहर लाल के ऊपर पलट दी।

गर्म तेल शरीर पर गिरते ही मनोहर लाल चीखने लगे और बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। शिवराज की तहरीर पर कादरचौक थाना पुलिस ने चारों आरोपियों—राजेंद्र, रामपाल, केशव और भानु—के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ